484 अंक (97%) हासिल कर रचा कीर्तिमान, परिवार और विद्यालय में खुशी की लहर
शिवपुरी जिले के खतौरा क्षेत्र की होनहार छात्रा लक्ष्मी यादव ने कक्षा 12वीं (एग्रीकल्चर विषय) की प्रवीण सूची में प्रदेश स्तर पर पांचवां स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। लक्ष्मी ने कुल 500 में से 484 अंक (97%) हासिल कर यह उल्लेखनीय उपलब्धि अपने नाम की।
लक्ष्मी यादव के पिता रामपाल यादव एवं माता राजकुमारी यादव ने बेटी की इस सफलता पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह उसकी मेहनत, लगन और अनुशासन का परिणाम है। परिवार में इस उपलब्धि को लेकर उत्सव जैसा माहौल है और परिजन लगातार बधाइयाँ स्वीकार कर रहे हैं।
लक्ष्मी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुओं और विद्यालय के सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि नियमित अध्ययन, समय का सही प्रबंधन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही उनकी सफलता की कुंजी रहे।
लक्ष्मी यादव ने राधा पब्लिक उच्च माध्यमिक विद्यालय खतौरा (शिवपुरी) से अध्ययन किया है। विद्यालय परिवार ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए छात्रा को सम्मानित करने की घोषणा की है। विद्यालय के शिक्षकों ने कहा कि लक्ष्मी शुरू से ही मेधावी छात्रा रही है और उसने अपने परिश्रम से यह मुकाम हासिल किया है।
क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं शिक्षाविदों ने लक्ष्मी यादव को इस शानदार सफलता के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। सभी ने उम्मीद जताई कि लक्ष्मी भविष्य में भी इसी तरह क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करती रहेंगी।
लक्ष्मी यादव की यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है। यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य को पाने के लिए प्रेरित करेगी।

